बारिश ने धीमी की दिल्ली की रफ़्तार ....h
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार रात से जारी मूसलाधार बारिश को इस मौसम की रिकार्ड तोड़ बारिश बताया जा रहा है। सोमवार देर रात से हो रही जोरदार बारिश बुधवार सुबह तक भी थमने का नाम नहीं ले रही है। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर में जगह-जगह जलभराव व जाम का नजारा देखने को मिला। सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। पिक आवर के समय लोगों को आफिस जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, राजधानी दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदियों का जल स्तर भी खतरे के निशाने पर पहुंच गया है। मंगलवार तक दिल्ली में यमुना का जलस्तर 204.7 मीटर के नीचे तक था, लेकिन लगातार हो रही इस बारिश की वजह से जलस्तर 204.83 मीटर तक पहुंचने के आसार नजर आ रहे है। अगर ऐसा हुआ तो राजधानी में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि सरकार को इस खतरे की घंटी पहले ही मिल गई थी, लेकिन अब तक दिल्ली सरकार ने इससे निपटने के लिए कुछ खासा इंतजाम नहीं किए हैं।
गौरतलब है कि अगस्त में मॉनसून की बेरुखी ने लोगों को काफी निराश किया था, लेकिन पिछले चार पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश ने अब दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। दिल्ली व एनसीआर की सड़कों पर पानी जमा हो गया है। हाईकोर्ट ने सरकार को इस बारिश से निपटने के लिए एक कमिटी का गठन करने का आदेश दिया है। मंगलवार शाम चार बजे से शुरू हुई जबरदस्त बारिश के कारण रिंग रोड सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में कुछ दिनों से हो रही बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान सूबे के पश्चिमी इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है। विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दो चार दिन दिल्ली व एनसीआर में तेज बारिश होती रहेगी। वहीं लखनऊ में 32.8 डिग्र्री सेलसियस बारिश दर्ज की गई।
यातायात विभाग ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट्स पर अलर्ट जारी करना शुरू कर दिया है। विभाग की वेबसाइट पर भी लोगों को वर्षा प्रभावित क्षेत्रों से नहीं गुजरने की हिदायत दी गई है। यातायात अधिकारियों ने कहा कि शहर के तकरीबन सभी हिस्सों में ट्रैफिक जाम की खबरें हैं।
वजीरपुर, अशोक विहार, आश्रम चौक, मूलचंद फ्लाईओवर, नेहरू प्लेस, आईआईटी क्रॉसिंग, यूसुफ सराय और कश्मीरी गेट शहर के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र हैं। तेज बारिश की वजह से विमान सेवा भी काफी हद तक प्रभावित हुई है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें