दिल्ली में दादा का चयन, झूमा बंगाल


राष्ट्रपति पद के लिए शुक्रवार को औपचारिक रूप से वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के नाम पर मुहर लगने के बाद से ही दादा के पास बधाईयों व शुभकामनाओं का तांता लग गया है। राजधानी से लेकर पश्चिम बंगाल तक दादा के चाहने वाले जश्न में डूबे हुए हैं। यही नहीं उनके घर बीरभूम में भी लोग इस खबर के बाद से फूले नहीं समा रहे हैं। कहीं उनकी जीत के लिए पूजा अर्चना की जा रही है, तो कहीं मिठाईयां बांटी जा रही है।

दादा की उम्मीदवारी को लेकर भिन्न राजनीतिक पार्टियों के बीच चल रही लंबी खींचतान के बाद आखिरकार दादा के नाम पर मुहर लग ही गई। ऐसे में दादा की जीत तो लगभग तय होती हुई नजर आ रही है।
राष्ट्रपति की रेस में यूपीए के समर्थन के साथ-साथ दादा की ओर कई और पार्टियों ने भी अपने समर्थन का हाथ बढ़ाया हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने भी प्रणब का समर्थन करने का निर्णय लिया है। मायावती ने कहा कि वह एक बेहतरीन दावेदार है।

वहीं द्रमुक प्रमुख करुणानिधि ने भी खुशी जाहिर करते हुए दादा को शुभकामना दी है। उधर, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भी कहा कि वह प्रणब दा के चयन पर काफी खुश है। उन्होंने कहा कि दादा एक अनुभवी, ईमानदार, बुद्धिमान और योग्य व्यक्ति हैं। वहीं तरुण गोगोई ने भी दादा का साथ देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि दादा अपनी कुशाग्र बुद्धि और ढेर सारे अनुभव की बदौलत देश को बहुत आगे ले जाएंगे।

राजनीतिक पार्टियों के प्रमुखों के साथ-साथ बंगाल के उद्योगपतियों ने भी दादा को शुभकामना दी है। अंबुजा रियल्टी के चेयरमैन हर्षवर्धन निवेटिया ने दादा की उम्मीदवारी पर कहा कि दादा एक सहनशील व बुद्धिमानी व्यक्ति है। उनके मीठे व संयम स्वभाव की वजह से ही वह सबकी पहली पंसद है। निवेटिया काफी खुश है कि राष्ट्रपति पद के लिए बंगाल से किसी व्यक्ति का चयन किया गया है।

वहीं श्रेय इंटरनेशनल फाइनेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर हेमंत कानोरिया ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन राज नेता है, ऐसे व्यक्ति के चयन से देश का भविष्य उज्ज्वल होता हुआ नजर आ रहा है।

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट