#ThursdayThoughts- कुछ तो है हमारे अंदर जो कभी मरता नहीं..
हम रोज किसी ना किसी हालात से गुजरते हैं, हमारे सामने कोई ना कोई परिस्थिति ऐसी आती है जिससे हम हार जाते हैं । तब हमें ऐसा लगने लगता है जैसे अब इसके बाद और नहीं, या अब और नहीं हो पाएगा। कोई हादसा ऐसा हो जाता है जिसके बाद जिंदगी एक दम से टर्न हो जाती है। जिन चीजों और लोगों के बगैर हम जी नहीं पाते थे, उन चीजों के बगैर रहने लग जाते हैं और हमें इसकी भी आदत हो जाती है। कल तक जिस काम को लेकर हम बहुत ही जज्बाती हुआ करते थे, या वो काम ही हमारी जिंदगी हुआ करता था। एक दिन अचानक वो छूट जाता है, वो शहर भी छूट जाता है जहां हमने ढेरों सपने देखे थे और वो लोग भी दूर हो जाते हैं जिनके साथ हर दिन हर पल बिताया होता है। ये सब होने में बस चंद पल ही लगते हैं और जब तक इस बात का एहसास होता है तब तक हम इन हालातों से समझौता कर भी चुके होते हैं।
लेकिन कुछ समय बाद लगता है जैसे बहुत कुछ हाथ से छूट गया है, हम बदल गए हैं। जब कभी सोचने बैठते हैं तब लगता है हम वो हैं ही नहीं जो कभी हुआ करते थे। हमारी जिंदगी का मकसद भी कहीं खो सा गया है। मन में सवाल उठता है कि क्या हम अब खुदको नए सिरे से ढूंढ पाएंगे। क्या जिंदगी दोबारा शुरू हो पाएगी, क्या उन्हीं रास्तों पर हम दोबारा चल पाएंगे, क्या अंदर में वही जोश फिर से उभर पाएगा ? ये सब सोचकर दिल शिकस्त होने लगता है। लेकिन तभी अंदर से एक आवाज भी आती है। एक अजीब सी शक्ति हमारे साथ काम करती नजर आती है, जो हमें कभी मरने या टूटने नहीं देती है। जो हमारी प्रेरणा बनकर हमारे साथ चलती है।
वो कहते हैं ना चलने वालों को कोई रोक नहीं सकता। भले ही कुछ पलों के लिए वे रुक गए हैं, लेकिन हमेशा के लिए थमें नहीं हैं। उनके अंदर जीने का अनवरत एक प्रयास जारी रहता है। वे रोजाना एक ना एक कोशिश जरूर करते हैं अपने अंदर की उस प्रतिभा को जिंदा रखने की। कुछ ना कुछ पढ़ना, लिखना, हाथ पैर मारना। हर वो तमाम कोशिश करते हैं जो उन्हें फिर से खड़ा कर दे। दरअसल, यही उनकी सफलता तय करता है। जिस मंजिल को पाने के लिए वे फिर से अपना रास्ता बनाता हैं वो रास्ता उनकी मंजिल से बढ़कर होता है। क्योंकि वो उसे जिंदा रखता है। हार वो नहीं होती जब हम परिस्थिति के आगे हार जाते हैं, हार तब होती है जब हम अपने मन के आगे हार जाते हैं। हमें पता नहीं होता लेकिन हमारे अंदर एक अनछुई शक्ति हमेशा कार्य करती है जो हमें जीने के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। जो हमें हारने नहीं देती है, यही हमारी असली जीत होती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें